साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां यज्ञ मेला में अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई. घटना जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के काटरगंज में आयोजित लक्ष्मी नारायण यज्ञ मेला की है, जहां अज्ञात बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक की पहचान जिरवाबाड़ी चानन निवासी महेश मंडल के 23 वर्षीय पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शिव कुमार रोज की तरह मेले में अपनी खिलौने की दुकान चला रहा था. रात करीब एक बजे दुकान समेटने के बाद वह अन्य दुकानदारों के साथ यज्ञ स्थल के पास भोजन कर रहा था. इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और वह गोली लगने से घायल हो गया.
घटना के बाद मेला परिसर में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया. मौके का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए. घायल शिव कुमार ने बताया कि उसे यह नहीं पता कि गोली किसने चलाई और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था.
डॉक्टरों के अनुसार, गोली उसके ठुड्डी के एक तरफ से प्रवेश कर दूसरी ओर निकल गई, जिससे उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
इलाज कर रहे डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे उन्नत चिकित्सा की जरूरत है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर
Thenewspost - Jharkhand
4+


