निर्माणाधीन अंडरपास के पास बमबाजी से दहशत, तीन धमाकों से दहला धनबाद का ये इलाका


धनबाद(DHANBAD):धनबाद जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत बोआकला बस्ती स्थित 4 नंबर रेलवे गेट के समीप निर्माणाधीन अंडरपास के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक के बाद एक तीन बम फेंककर इलाके में दहशत फैला दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने वहां कार्यरत एआरएसएस कंस्ट्रक्शन ठेका कंपनी के कर्मियों को तत्काल काम बंद करने की धमकी दी और बम फेंकते हुए फरार हो गए.
विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गनीमत रही कि विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ठेका कर्मियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह एवं ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी रूपेश दुबे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. कतरास सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी ने बताया कि बम चलाने की सूचना प्राप्त हुई है.
पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है
घटनास्थल से बम के अवशेष बरामद किए गए है.पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है. फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है.सूत्र बता रहे है अपराधियों द्वारा बमबाजी का कारण रंगदारी वसूलना है.पुलिस जाँच में जुट गई है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
4+