धनबाद में गैस सिलेंडर की मारामारी, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़

    धनबाद में गैस सिलेंडर की मारामारी, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
    इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल देखा जा रहा

    धनबाद(DHANBAD): इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल देखा जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद स्थानीय लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर आशंका बढ़ गई है. इसी वजह से कई उपभोक्ता पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाने और घर में अतिरिक्त स्टॉक रखने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं.

    पिछले कुछ दिनों से शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं. खासकर झरिया क्षेत्र में स्थित चौधरी गैस एजेंसी और देविका गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. इलाके में फैली अफवाह के चलते एक साथ बड़ी संख्या में लोग एजेंसियों पर पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया.

    अचानक बढ़ी भीड़ के कारण गैस एजेंसी के कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में काफी परेशानी हुई. कुछ समय के लिए एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई. हालांकि बाद में कर्मचारियों ने लोगों को समझाते हुए लाइन बनाकर सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया जारी रखी.

    इस संबंध में एजेंसी के प्रबंधक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य है और एजेंसी में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है और किसी तरह की कमी नहीं है. लेकिन अफवाह के कारण एक साथ अधिक लोग एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ रही है.

    वहीं कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इलाके में यह चर्चा फैल गई है कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है. इसी आशंका के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों की ओर रुख कर रहे हैं.

    रिपोर्ट: नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news