सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. इलाज में लापरवाही और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि नगर पंचायत अध्यक्ष को धरने पर बैठना पड़ा. घटना सरसावा थाना क्षेत्र के दिहुरीडिह के पास की है.
पढ़े पूरा मामला
जानकारी के अनुसार सरायकेला निवासी 18 वर्षीय विकास जामुदा अपने साथी विष्णु सोए के साथ खरसावां से लौट रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में विकास जामुदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. आरोप है कि खरसावां सीएससी में तैनात डॉक्टर कन्हैयालाल उरांव मौके पर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण घायल को करीब दो घंटे तक इलाज नहीं मिल सका.
तीखी बहस धक्का- मुक्की तक पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सदर अस्पताल पहुंचे. यहां उनकी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर चंदन कुमार से तीखी बहस हो गई, जो बाद में धक्का- मुक्की तक पहुंच गई. इसके बाद आक्रोशित अध्यक्ष इमरजेंसी वार्ड के बाहर ही धरने पर बैठ गए. नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक घटना है. एक युवक की मौत हो गई और दूसरा इलाज के अभाव में तड़पता रहा. ऐसे में जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने डॉक्टर कन्हैयालाल उरांव और डॉक्टर चंदन कुमार को तत्काल हटाने की मांग की है.फिलहाल अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल


