आचार संहिता मामले में भाजपा सांसद को मिली जमानत, कोर्ट से बाहर सीएम हेमंत पर जमकर बरसे


गोड्डा(GODDA): गोड्डा नगर थाना में दर्ज आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे आज दुमका कोर्ट में सशरीर उपस्थित हुए. जिसमें कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी. जमानत मिलने के बाद कोर्ट परिसर से बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने ईडी और पूजा सिंघल प्रकरण मामले को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में चल रही है इसलिए इस विषय पर अधिक कुछ भी बोलना उचित नहीं है. लेकिन उन्होंने सवाल खड़ा किया कि पूजा सिंघल के यहां ईडी की रेड में 20 लाख रुपए मिले. सीएम हेमंत सोरेन अभी कह रहे हैं कि माइनिंग में करप्शन चल रहा है. उन्होंने कहा कि ढाई वर्षो बाद सीएम को यह एहसास हुआ, यह दुखद है.
“राज्य में एक और हूल की आवश्यकता है”
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि विशाल चौधरी के यहां रेड हुआ और वह फरार चल रहा है. सीएम के प्रधान सचिव के साथ विशाल चौधरी की फोटो और व्हाट्सएप चैट से जो चीजें पता चली है, वह रोंगटे खड़े करने वाली है. डीसी, एसपी कौन बनेगा, किसका पैसा जमा हुआ, किसका नहीं हुआ, उसके आधार पर यहां अधिकारियों की पोस्टिंग होती है. उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या इसी दिन के लिए झारखंड को अलग राज्य बनाया गया था? क्या सीएम को चुल्लू भर पानी में डूब नहीं मरना चाहिए? उन्होंने कहा कि ईडी को लगभग 1500 करोड़ रुपए का हिसाब किताब मिल चुका है. झारखंड की स्थिति बहुत खराब है. यहां कोई काम नहीं हो रहा है. सांसद ने कहा कि कल ही हूल दिवस मनाया गया है और झारखंड में एक नए हूल की आवश्यकता है. परिवारवादी पार्टी या नामधारी पार्टी सब को समाप्त करने का समय आ गया है.
रिपोर्ट: अजीत सिंह, गोड्डा और पंचम झा, दुमका
4+