ट्रैफिक पुलिस का अनोखा अंदाज, यमराज के जरिए दिया ये संदेश

    ट्रैफिक पुलिस का अनोखा अंदाज, यमराज के जरिए दिया ये संदेश
    राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखा जागरूकता अभियान

    रांची(RANCHI):  राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया. इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है. लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए यमराज  के वेश में कलाकारों को सड़कों पर उतारा गया, जिन्होंने राहगीरों और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया. इस अनोखे अंदाज ने शहरवासियों का ध्यान खींचा और लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में सोचने पर मजबूर किया.

    अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने बाइक रैली का आयोजन किया. यह रैली बिरसा चौक से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई. रैली का नेतृत्व ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने किया. इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे और हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करते नजर आए.

    रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को नियमों का पालन करना चाहिए.

    अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया. इन नाटकों के माध्यम से यह दिखाया गया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कैसे किसी की जान पर भारी पड़ सकती है. यमराज के प्रतीक के जरिए यह संदेश दिया गया कि लापरवाही से वाहन चलाने का मतलब है खुद ही खतरे को आमंत्रित करना, जिसका असर केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है.

    इस मौके पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा दे रही है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जागरूकता के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news