31 मार्च को मशाल जुलूस और 1 को बंद रहेगा संथाल परगाना, छात्र समन्वय समिति ने बैठक कर बनाई रणनीति


दुमका(DUMKA): एसपी कॉलेज के पीजी ग्राउंड में छात्र समन्वय समिति ने एक प्रेस वार्ता की. प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व घोषित 1 अप्रैल को संथाल परगना प्रमंडल बंद को सफल बनाने के लिए आम लोगों से अपील की. प्रेस वार्ता में छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम ने कहा कि खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति की मांग झारखंड में लंबे समय से चल रही है. इसको लेकर छात्र समन्वय समिति द्वारा चरणबद्ध आंदोलन भी किया जा रहा है. इसके बावजूद सरकार द्वारा अभी तक झारखंड के युवाओं के हित में स्पष्ट नियोजन नीति की घोषणा नहीं की गई है. 60:40 के नियोजन नीति का पूरे राज्य में विरोध हो रहा है. इसके बावजूद सरकार चैन की नींद सो रही है. उन्होंने कहा कि छात्र समन्वय समिति के बैनर तले कुछ दिन पूर्व सरकार की शव यात्रा निकाली गई थी और उसी समय 1 अप्रैल को खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति की मांग को लेकर संथाल परगना प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया था.
31 मार्च को निकाला जाएगा मशाल जुलूस
इस बंदी को सफल बनाने के लिए छात्र समन्वय समिति आम लोगों से अपील करती है. बंदी को सफल बनाने के लिए 31 मार्च की शाम दुमका के सिदो कान्हू चौक से वीर कुंवर सिंह चौक तक मशाल जुलुश निकाला जाएगा. मशाल जुलूस प्रमंडल के सभी प्रखंडों में निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके लिए संगठन व्यवसायियो, मोटर वाहन मालिक, निजी विद्यालय संचालक सहित बिभिन्न सामाजिक संगठनों से मिलकर बंद में सहयोग की अपील करेगी. क्योंकि यह झारखंड के युवाओं का सवाल है. उन्होंने कहा कि कल सम्पन्न कैबिनेट की बैठक में उम्मीद थी कि सरकार नियोजन नीति पर कुछ नीतिगत फैसला लेगी, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं. उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवा को बंद से मुक्त रखा जाएगा.
रिपोर्ट. पंचम झा
4+