साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड अंतर्गत महासिंहपुर पंचायत में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली)व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है.यहां डीलर पर राशन की कालाबाजारी और लाभुकों के हक से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगे है.जानकारी के अनुसार पीडीएस दुकानदार सोमाय मुर्मू पर आरोप है कि वर्ष 2025 में तीन महीने का राशन गोदाम से उठाव करने के बावजूद लाभुकों के बीच वितरण नहीं किया गया,बल्कि उसे बाजार में बेच दिया गया.इसको लेकर कार्डधारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित विभाग को लिखित शिकायत भी सौंपी.हालांकि विभाग की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया और कई बार जांच भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है.
मामला यहीं नहीं थमा
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2026 के जनवरी,फरवरी और मार्च महीने का राशन देने के नाम पर उनसे फिंगर प्रिंट लिया गया,लेकिन राशन नहीं दिया गया. जब इस संबंध में डीलर से सवाल किया गया, तो उन्होंने ऊपर से माल नहीं मिलने का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया.ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि डीलर अक्सर शराब के नशे में रहता है और राशन मांगने पर गाली-गलौज करता है, जिससे गरीब लाभुकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
दोषी डीलर पर कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित कार्डधारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डीलर पर कड़ी कार्रवाई की जाए और बकाया राशन जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए.अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है और क्या गरीबों को उनका हक मिल पाता है या नहीं.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर
Thenewspost - Jharkhand
4+


