चतरा (CHATRA): झारखंड के चतरा जिले में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. मामला चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र का है जहां महुआ चुनने जंगल गई महिला की निर्मम हत्या की गई है और बाद में उसका क्षत विक्षत शव बरामद किया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मृतका की पहचान 45 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है, जो किशनपुर के नारायण बांध टोला की रहने वाली थीं. बताया जा रहा है कि वह सोमवार दोपहर करीब 3 बजे घर से पास के जंगल में महुआ चुनने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं.
इसके बाद परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शाम को सदर थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई. इधर पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां रात भर चले इस अभियान के दौरान करीब 1 बजे महिला का शव आरोदाना के पानुसाही जंगल में एक महुआ के पेड़ के नीचे बरामद हुआ. शव की स्थिति देखकर सभी सन्न रह गए. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने टांगी से गले पर कई वार किए, जिससे गला लगभग धड़ से अलग हो गया था.
घटनास्थल से खून से सनी टांगी भी बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी हथियार वहीं छोड़कर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर छानबीन जारी है. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


