चतरा CHATRA): हंटरगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई. मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हत्या वैवाहिक विवाद और पुरानी रंजिश का नतीजा लग रही है.
पुलिस के मुताबिक, पूनम की पहली शादी एक व्यक्ति से हुई थी, लेकिन पारिवारिक और वैवाहिक मतभेद के चलते दोनों अलग हो गए थे. इसके बाद पूनम ने प्रेम संबंध में रहने वाले युवक से दूसरी शादी कर ली. यह बात उसके पहले पति को बिल्कुल भी मंजूर नहीं थी और लंबे समय से दोनों के बीच तनाव और मनमुटाव चल रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने पहले से घात लगाकर पूनम के नजदीक जाकर अचानक गोली चला दी. गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई. तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बचाने में सफलता नहीं पा सके और उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
स्थानीय लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और घटना की निंदा कर रहे हैं. पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत हंटरगंज थाना को सूचित करें.
Thenewspost - Jharkhand
4+


