राजधानी में फिर दिखा गजराज, चित्तरकोटा में मचा हड़कंप, घरों में दुबके लोग

    राजधानी में फिर दिखा गजराज, चित्तरकोटा में मचा हड़कंप, घरों में दुबके लोग

    रांची (RANCHI): राजधानी में एक बार फिर जंगली हाथी की आमद से लोगों में हलचल मच गई. रातू थाना क्षेत्र के चित्तरकोटा इलाके में सोमवार सुबह एक हाथी को घूमते हुए देखा गया. हाथी के दिखाई देते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एहतियात के तौर पर लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए.

    खतरे की स्थिति नहीं, सुरक्षित निकाला गया हाथी

    घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत रातू थाना और वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सतर्कता बरतते हुए हाथी को रिहायशी इलाके से बाहर की ओर मोड़ दिया. रातू थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

    तीन दिन पहले हटिया में भी दी थी दस्तक

    गौरतलब है कि इससे पहले भी तीन दिन पूर्व रांची के हटिया क्षेत्र में एक जंगली हाथी देखा गया था. उस दौरान भी हाथी कुछ समय तक आबादी वाले इलाके में घूमता रहा था. बाद में वन विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ दिया था.

    लगातार रिहायशी क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही से स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ रही है. वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर घबराएं नहीं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशासन को सूचना दें.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news