गौवंश के अवशेष मिलने से कोडरमा में मचा हड़कंप, आक्रोशित लोगों ने घंटों सड़क किया जाम

    जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद मेन मार्केट में गाय के बछड़े के अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया. देर शाम घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बाजार क्षेत्र में जमा हो गए. धार्मिक भावनाएं आहत होने के कारण लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.

    गौवंश के अवशेष मिलने से कोडरमा में मचा हड़कंप, आक्रोशित लोगों ने घंटों सड़क किया जाम

    कोडरमा (KODERMA): जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद मेन मार्केट में गाय के बछड़े के अवशेष मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया. देर शाम घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बाजार क्षेत्र में जमा हो गए. धार्मिक भावनाएं आहत होने के कारण लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.

    गुस्साए लोगों ने शाम करीब सात बजे परसाबाद बाजार से गुजरने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन कर रहे लोग मामले में शामिल दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

    सड़क जाम की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह और परसाबाद पुलिस पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी जाम हटाने को तैयार नहीं हुए. उनका कहना था कि जब तक पूरे मामले का खुलासा नहीं होता और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

    देर रात तक लोग सड़क पर बैठे रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात में जिले के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह मौके पर पहुंचे. वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेजी से की जाएगी और दोषियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की जाएगी.

    पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे से चला आ रहा सड़क जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया. हालांकि लोगों ने साफ किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news