धनबाद के धनसार से मिला एक युवक का शव! पत्थर से कुचलकर की गई हत्या

    धनबाद के धनसार से मिला एक युवक का शव! पत्थर से कुचलकर की गई हत्या

     Dhanbad: मंगलवार की सुबह धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रमारी ग्राउंड से एक सनसनीखेज खबर सामने आई हैं. जहां एक युवक का शव बरामद किया गया है. शुरुआत के जांच में यह सामने आया है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है. अपराधियों ने उसके सिर पर भारी पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया.  

    घटना की जानकारी मिलते ही धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान 21 वर्षीय जितेश रवानी के रूप में हुई है, जो बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के धोवाटांड़ का रहने वाला था. उसके पिता का नाम चुनचुन रवानी बताया गया है.

    पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हो रहा है कि यह मामला हत्या का है और युवक को पत्थर से कुचलकर मारा गया है. घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया है और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जो मौके से महत्वपूर्ण सबूत इकट्ठा कर रही है.

    थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या के पीछे क्या कारण थे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, जिससे किसी पुरानी रंजिश, विवाद या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके.

    अब तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपनी तरफ से जांच को आगे बढ़ा रही है और जल्द ही पूरे मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है

     



    Related News