क्वार्टर में खून से लथपथ मिला युवक का शव, परिजन कीर्तन से लौटे तो सामने आया खौफनाक मंजर

    धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के शांति कॉलोनी स्थित ईसीएल क्वार्टर में एक युवक की संदिग्ध हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान काजल राय के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.

    क्वार्टर में खून से लथपथ मिला युवक का शव, परिजन कीर्तन से लौटे तो सामने आया खौफनाक मंजर

    धनबाद (DHANBAD): जिले के निरसा थाना क्षेत्र के शांति कॉलोनी स्थित ईसीएल क्वार्टर में एक युवक की संदिग्ध हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान काजल राय के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.

    बताया जा रहा है कि काजल राय शनिवार देर शाम अपने क्वार्टर पहुंचे थे. उस समय घर के बाकी सदस्य पास के गांव में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे. घर में वह अकेले थे. रात भर क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी.

    रविवार सुबह जब परिजन कीर्तन से लौटे और दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. काजल राय खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे. उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे साफ है कि उनके साथ बेरहमी से हमला किया गया. परिजनों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

    घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, लूट या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है.

    फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news