रामगढ़ नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद की जंग तेज, भाजपा और JMM समर्थित उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

    रामगढ़ नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद की जंग तेज, भाजपा और JMM समर्थित उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

    रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है.

    भाजपा की समर्थित उम्मीदवार प्रिया करमाली ने आज शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया. नामांकन से पूर्व उन्होंने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला. इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे. जुलूस बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद नारेबाजी करते हुए जिला परिषद कार्यालय पहुंचा, जहां प्रिया करमाली ने विधिवत रूप से अपना पर्चा भरा.

    प्रिया करमाली ने कहा कि वह भाजपा की विचारधारा से जुड़ी हुई कार्यकर्ता हैं और जीत के बाद रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देंगी. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं.

    वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा की समर्थित उम्मीदवार रेणु करमाली ने भी जुलूस निकालकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया. उनके जुलूस में JMM के रामगढ़ के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जुलूस जिला परिषद कार्यालय पहुंचा, जहां रेणु करमाली ने नामांकन पत्र जमा किया.

    रेणु करमाली पूर्व में वार्ड पार्षद रह चुकी हैं और लंबे समय से JMM की सक्रिय कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है और यदि जनता का समर्थन मिला तो वे रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र का समग्र विकास करेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह पहले जनता ने उन पर विश्वास जताया था, इस बार भी जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा.

    दोनों प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के बाद रामगढ़ नगर निकाय चुनाव का मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है. आने वाले दिनों में प्रचार तेज होने के साथ राजनीतिक गतिविधियां और भी बढ़ने की संभावना है.

    रिपोर्ट : अनुज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news