धनबाद मंडल में तत्काल टिकट बुकिंग हुई और सुरक्षित, अब OTP वेरिफिकेशन होगा जरूरी

    धनबाद मंडल में तत्काल टिकट बुकिंग हुई और सुरक्षित, अब OTP वेरिफिकेशन होगा जरूरी

    धनबाद (DHANBAD): धनबाद मंडल में रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने और तत्काल टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने के लिए रेलवे ने नई व्यवस्था लागू की है. अब पीआरएस यानी आरक्षण काउंटर से तत्काल टिकट बनवाने के लिए ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है. यह व्यवस्था आज से पहले चरण में 100 ट्रेनों में शुरू की जा रही है.

    रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का मकसद तत्काल टिकटों में दलालों की भूमिका खत्म करना और फर्जी बुकिंग पर रोक लगाना है. नई प्रणाली के तहत जब कोई यात्री पीआरएस काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराएगा, तो उसके दिए गए मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा. ओटीपी सही दर्ज होने पर ही टिकट जारी किया जाएगा.

    रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट बनवाते समय अपना सही और चालू मोबाइल नंबर जरूर दें, ताकि ओटीपी मिलने में कोई परेशानी न हो. गलत या बंद नंबर देने पर टिकट जारी नहीं किया जा सकेगा.

    इन ट्रेनों में लागू हुई OTP व्यवस्था
    पहले चरण में जिन प्रमुख ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की गई है, उनमें हावड़ा–सीएसएमटी एक्सप्रेस, रांची–बनारस एक्सप्रेस, रांची–भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, हटिया–हरिद्वार एक्सप्रेस, धनबाद–पटना और पटना–धनबाद गंगा-दामोदर एक्सप्रेस, इस्लामपुर–हटिया एक्सप्रेस और हटिया–ऋषिकेश एक्सप्रेस शामिल हैं.

    यात्रियों को होंगे ये फायदे
    इस नई व्यवस्था से तत्काल टिकटों में दलालों की मनमानी पर रोक लगेगी. असली यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी. टिकट बुकिंग की प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित होगी. साथ ही फर्जी आईडी और धोखाधड़ी के मामलों में भी कमी आएगी.

    रेलवे का कहना है कि यात्रियों की प्रतिक्रिया और अनुभव के आधार पर भविष्य में इस ओटीपी आधारित व्यवस्था को और अधिक ट्रेनों में लागू किया जाएगा. रेलवे को उम्मीद है कि यह पहल यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी और तत्काल टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को सरल और भरोसेमंद बनाएगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news