गिरिडीह (GIRIDHI): जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक एंबुलेंस के अंदर कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि यह एंबुलेंस सदर अस्पताल गेट के सामने शाम के समय खड़ी थी. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया.
हालांकि, इस वायरल वीडियो को लेकर अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एंबुलेंस में दिखाई दे रहे लोग वास्तव में एंबुलेंस चालक हैं या फिर कोई अन्य व्यक्ति. इस मामले में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित पक्षों की ओर से भी इस वीडियो की सत्यता को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.
वीडियो के वायरल होने के बाद एंबुलेंस चालकों में नाराजगी देखने को मिल रही है. उनका कहना है कि इस तरह के वीडियो से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और बिना जांच-पड़ताल के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं है. वहीं कुछ चालक इस वीडियो को वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने की भी बात कर रहे हैं.
सदर अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर का यह स्थान दिनभर एंबुलेंसों की आवाजाही और उनके खड़े रहने के लिए जाना जाता है. यहां अक्सर कई एंबुलेंस एक साथ मरीजों की प्रतीक्षा में खड़ी रहती हैं, क्योंकि यह अस्पताल का प्रमुख प्रवेश द्वार है और यहां से मरीजों को विभिन्न वार्डों या अन्य अस्पतालों में ले जाने की प्रक्रिया होती है. फिलहाल इस मामले को लेकर लोग सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे गंभीर लापरवाही मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो की सत्यता पर सवाल उठा रहे हैं.
अभी तक इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी माना जा रहा है. साथ ही आपको ये भी बताते चले की द न्यूज पोस्ट इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
रिपोर्ट : दिनेश रजक

