अवैध खनन पर सख्त वार: जमशेदपुर टास्क फोर्स की बैठक में बड़े माफियाओं पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश

    अवैध खनन पर सख्त वार: जमशेदपुर टास्क फोर्स की बैठक में बड़े माफियाओं पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. इसमें अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती से रोक लगाने को लेकर रणनीति तय की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि खनिजों के अवैध कारोबार में शामिल बड़े माफियाओं के खिलाफ अब और कड़ी कार्रवाई होगी. बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद,  डीटीओ धनंजय, डीएमओ सतीष नायक आदि मौजूद रहे. जबकि सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अधिकारियों ने जिले में चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश जारी किए. 

    25 वाहनों को किया जब्त
    खनन टास्क फोर्स की समीक्षा में सामने आया कि 19 मार्च से 17 अप्रैल तक  कुल 25 वाहनों को जब्त किया गया. इनमें 16 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 2 टाटा 407 शामिल हैं. इसके साथ ही 7 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 4 लाख 29 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया. बैठक में नदियों से बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने पर  जोर दिया गया. इसके साथ ही वन क्षेत्रों और इको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन और क्रशर संचालन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.  बिना पंजीकरण वाले वाहनों और ओवरलोडेड गाड़ियों के खिलाफ भी सख्त जांच अभियान चलाने को कहा गया. 

    शिकायतों पर एक्शन का निर्देश
    बैठक में खनन विभाग को प्राप्त शिकायतों पर तुरंत एक्शन लेने का निर्देश दिया गया. इसमें अवैध खनन, ईंट भट्ठा, प्रदूषण और इको-सेंसिटिव जोन से जुड़े मामलों सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई. अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर बड़े खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया. वन विभाग को भी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश मिला. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ चलाया जा रहा सघन अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 



    Related News