धनबाद(DHANBAD):रविवार को ईसाई समुदाय द्वारा खजूर इतवार (पाम संडे) का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया.इस अवसर पर हिल कॉलोनी स्थित संत एंथोनी चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए. सभी लोग अपने साथ खजूर के पत्ते लेकर पहुंचे और विशेष प्रार्थना में शामिल हुए.चर्च परिसर में प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जहां ईश्वर से शांति, प्रेम और सुख-समृद्धि की कामना की गई.
प्रेम और शांति का दिया संदेश
इस दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे विश्वास के साथ ईसा मसीह को याद किया.संत एंथोनी चर्च के पादरी अमाथुश कुजूर ने बताया कि खजूर इतवार ईसा मसीह के यरूशलम (जेरूसलम) में प्रवेश की स्मृति में मनाया जाता है. उस दिन लोग उनका स्वागत खजूर की डालियों के साथ जय-जयकार करते हुए कर रहे थे. हालांकि, ईसा मसीह यह जानते थे कि आगे चलकर वही लोग उनके खिलाफ हो जाएंगे, फिर भी उन्होंने प्रेम और मानवता का संदेश दिया.
प्रेम सबसे बड़ा धर्म
उन्होंने कहा कि ईश्वर ने अपने जीवन से यह सिखाया कि प्रेम सबसे बड़ा धर्म है. अगर हम आपस में प्रेम और भाईचारे के साथ रहें, तो ईश्वर हमेशा हमारे साथ रहते है.इस अवसर पर चर्च में मौजूद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


