सिमडेगा (SIMDEGA): जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. संतरी ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान राजू तिर्की की गोली लगने से मौत हो गई. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.जैसे ही जवान को गेली लगी आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया.. इधर इस घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस विभाग में शोक का माहौल बन गया. ड्यूटी के दौरान राजू तिर्की को उनके ही हथियार से गोली लगी. गोली लगने के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें गंभीर हालत में तुरंत सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में संवेदना की लहर दौड़ गई. साथी जवान और अधिकारी इस हादसे से स्तब्ध हैं. अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा. महाबुआंग थाना में हुई इस दर्दनाक घटना को लेकर पुलिस विभाग गंभीर है. वहीं जवान की मौत के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है.

