शराब नहीं मिली तो मार दी गोली! जमीन विवाद में साहिबगंज में युवक की हत्या से फैली सनसनी

    शराब नहीं मिली तो मार दी गोली! जमीन विवाद में साहिबगंज में युवक की हत्या से फैली सनसनी

    साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा उदाली गांव के चांदू टोला में गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान 45 वर्षीय सीताराम हेम्ब्रम के रूप में हुई है.

    जानकारी के अनुसार गांव में लंबे समय से जमीन विवाद को लेकर तनाव चल रहा था. आरोप है कि इसी विवाद के चलते बीती रात करीब 9 बजे सीताराम हेम्ब्रम को गोली मार दी गई. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद बरहेट थाना पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया.

    मृतक की पत्नी मीरू मरांडी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर पहले से परिवार में तनाव चल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले आरोपी जेठा हेम्ब्रम ने पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी. पीड़िता के मुताबिक घटना वाली रात आरोपी उनके घर पहुंचा और शराब की मांग करने लगा. शराब नहीं मिलने पर उसने सीताराम हेम्ब्रम के कान के पास गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

    घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. बरहेट थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

    रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर



    Related News