रांची (RANCHI): झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती एक मरीज ने कथित तौर पर गमछे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया.
मृतक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार विवेक कुमार नशे की लत से पीड़ित था और इलाज के लिए उसे रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उसने वार्ड के अंदर ही गमछे से फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में मरीज को देखने पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे मृत पाया. ऐसे में पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

