सरायकेला:आदित्यपुर में खाना लेट होने पर खूनी बवाल, दुकानदार और दो बेटों पर चाकू से हमला  

    सरायकेला:आदित्यपुर में खाना लेट होने पर खूनी बवाल, दुकानदार और दो बेटों पर चाकू से हमला

    सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे है. हरि ओम नगर रोड नंबर-3 स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर खाना लेट होने के विवाद में दुकानदार और उसके दो बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. आरोपियों ने चाकू से हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इतना ही नहीं, इलाज के बाद लौट रहे परिवार को देर रात दोबारा घेरकर पीटा गया, जिसमें दुकानदार बेहोश हो गए.

     खाना लेट होने पर बवाल

    जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक फास्ट फूड दुकान पर पहुंचे थे. खाना तैयार होने में देरी होने पर युवकों ने दुकानदार प्रमोद कुमार दास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे अंकित कुमार दास और आशीष कुमार दास को भी नहीं बख्शा गया और तीनों पर हमला कर दिया गया.पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में रखे चाकू से ही वार किया. हमले में प्रमोद कुमार दास के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि दोनों बेटों के सिर पर भी गहरी चोटें लगी है.

     दुकानदार और दो बेटों पर चाकू से हमला

    घटना के बाद घायल परिवार इलाज कराकर घर लौट रहा था. इसी दौरान रात करीब 1 बजे हरि ओम नगर रोड नंबर-3 के पास आरोपियों ने फिर से उन्हें घेर लिया और दोबारा हमला कर दिया. इस हमले में प्रमोद कुमार दास बेहोश होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.घटना के बाद प्रमोद कुमार दास ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

    रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल



    Related News