फिर चर्चा में है गोड्डा में खुलने वाला सैनिक स्कूल, जाने क्यों  एक दशक बाद गोड्डावासियों की उम्मीदों पर फिरा पानी  

    फिर चर्चा में है गोड्डा में खुलने वाला सैनिक स्कूल, जाने क्यों  एक दशक बाद गोड्डावासियों की उम्मीदों पर फिरा पानी  

    दुमका(DUMKA): झारखंड की पहचान है तिलैया का सैनिक स्कूल, जहां अपने बच्चों को पढ़ाने की ख्वाइश हर माता-पिता की होती है, लेकिन सीमित सीट और कठिन चयन प्रक्रिया की वजह से प्रतिभा कुंठित रह जाती है.लगभग एक दशक पहले झारखंड में तिलैया के बाद दूसरा सैनिक स्कूल खुलने की सुगबुगाहट शुरू हुई. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने गोड्डा जिला के महागामा विधान सभा क्षेत्र के ठाकुर गंगटी में सैनिक स्कूल खोलने की घोषणा की. प्रक्रिया आगे भी बढ़ी लेकिन अभी तक सैनिक स्कूल नहीं खुल पाया.

    फिर चर्चा में है गोड्डा में खुलने वाला सैनिक स्कूल

    लगभग एक दशक बाद एक बार फिर गोड्डा के ठाकुर गंगटी में खुलने वाला सैनिक स्कूल चर्चा में है. वजह है स्कूल के स्थल का परिवर्तित होना. अब यह स्कूल दुमका जिला के जरमुंडी प्रखंड में खुलने की योजना पर कार्य हो रही है. इसको लेकर झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग (माध्यमिक शिक्षा निदेशालय) की ओर से एक पत्र सैनिक स्कूल सोसाइटी (रक्षा मंत्रालय) को 26 मई 2023 को एक पत्र लिखा गया है.

    एक दशक बाद गोड्डावासियों की उम्मीदों पर फिरा पानी 

    पत्र में लिखा गया है कि गोड्डा जिला में प्रस्तावित नए सैनिक विद्यालय की स्थापना गोड्डा जिला के बजाय दुमका जिला में करने हेतु राज्य सरकार इक्षुक है. नए सैनिक विद्यालय की स्थापना के लिए दुमका जिला अंतर्गत जरमुंडी अंचल के मौजा बिशुनपुर थाना नंबर 16, खाता नंबर 32, दाग नंबर 455, रकबा 50 एकड़, किस्म दुमगी भूमि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची को अंतर विभागीय निःशुल्क भू हस्तांतरण की स्वीकृति उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी की ओर से  प्रदान की गई है.

    जाने क्या लिखा है पत्र में

    पत्र के माध्यम से अनुरोध किया गया है कि सैनिक विद्यालय के निर्माण के लिए दुमका जिला में चिन्हित भूमि का नियमानुसार निरीक्षण सुनिश्चित करने की कृपा की जाय. साइट सर्वे में अपेक्षित सहयोग के लिए क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, संथाल परगना प्रमंडल, दुमका, रजनी देवी को नोडल पदाधिकारी नामित किया जाता है. इसकी पुष्टि क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक रजनी देवी ने की है.पिछले सप्ताह गोड्डा के विभिन्न सोशल मीडिया पर प्रस्तावित सैनिक विद्यालय के स्थल परिवर्तित से संबंधित पत्र वायरल होने के बाद उस पर आम लोगों की तरह तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिली. गोड्डा वासी एक दशक से इस उम्मीद पर थे कि उनके जिले में सैनिक स्कूल खुलेगा लेकिन उनकी उम्मीदों पर पल भर में पानी फिर गया.

    विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सांसद निशिकांत दुबे पर हमला बोला

    वैसे तो यह केंद्र सरकार की योजना है. विद्यालय गोड्डा के ठाकुर गंगटी में बने या फिर दुमका के जरमुंडी में. दोनों प्रखंड गोड्डा लोक सभा क्षेत्र में आता है और सांसद निशिकांत दुबे गोड्डा लोक सभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसके बाबजूद उन्होंने सैनिक स्कूल के गोड्डा से दुमका जाने पर अफसोस जताया है. लेकिन इस मामले को लेकर महागामा से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सांसद निशिकांत दुबे पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि आखिर क्यों सांसद निशिकांत दुबे ने महागामा विधानसभा क्षेत्र की जनता को बरगला कर वोट लिया. उन्होंने कहा कि 10 - 15 साल पहले भी सांसद ने महागामा विधानसभा में जितनी घोषणा की थी. उसे जमीन पर उतरने का काम विधायक बनने के बाद हमने किया है.

    जब हमने कीचड़  में स्नान किया, तब एनएच का काम शुरू हुआ

    आगे दीपिका पांडेय ने कहा कि एनएच कब बनकर तैयार होना चाहिए था, लेकिन जब हमने कीचड़ स्नान किया तब जाकर काम शुरू हुआ. महागामा की सरजमीं पर 300 बेड के अस्पताल आने का सांसद को सदमा लगा है,  इसलिए कह रहे हैं कि अस्पताल तो आ गया, लेकिन सैनिक स्कूल चला गया. आने वाले समय में महागामा विधानसभा की जनता इसका जवाब देगी. वैसे उन्होंने महागामा विधानसभा की जनता को आश्वत किया कि अगर सैनिक स्कूल महागामा विधानसभा के लिए आया था,  तो महागामा में ही बनेगा. सैनिक स्कूल जहां बनना है,जल्द वहां बने. ताकि यहां के लोगों को उसका लाभ मिले. कहीं ऐसा ना हो  कि श्रेय लेने की होड़ में सैनिक स्कूल का निर्माण कार्य राजनीति के मकड़जाल में उलझ कर ना रह जाए.

    गोड्डा से अजित के साथ दुमका से पंचम झा की रिपोर्ट


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news