रिटायर्ड कर्नल ने महिला से की गंदी हरकत, छेड़छाड़ का विरोध करने पर दंपती पर रॉड से हमला, जानिए कहां का है मामला

    रिटायर्ड कर्नल ने महिला से की गंदी हरकत, छेड़छाड़ का विरोध करने पर दंपती पर रॉड से हमला, जानिए कहां का है मामला

    रांची (RANCHI): राजधानी के खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां रहने वाले एक रिटायर्ड कर्नल पर पड़ोसी महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उस पर और उसके पति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले को लेकर खेलगांव थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

    पीड़िता नीतू सिंह के अनुसार घटना बीते शाम करीब साढ़े सात बजे की है. वह अपने बेटे को साइकिल चलाने के लिए खेलगांव हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के सेक्टर-1, ब्लॉक-12 स्थित पार्किंग एरिया में लेकर गई थीं. इसी दौरान ऊपर के फ्लैट में रहने वाले रिटायर्ड कर्नल पवन कुमार सिंह उर्फ पीके सिंह अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचे.

    महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी जबरन उनसे बातचीत करने लगा और विरोध करने पर उनकी बांह पकड़कर अश्लील हरकत करने लगा. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी और उसका साथी भड़क गए और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई. शोरगुल सुनकर जब महिला के पति मनीष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तब आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया. इस दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए.

    घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल दंपती को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के अगले दिन भी उन्हें धमकी दी गई. मामले में खेलगांव थाना पुलिस ने रिटायर्ड कर्नल पवन कुमार सिंह और उनके अज्ञात साथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.



    Related News