29-30 मई को DGP तदाशा मिश्रा करेंगी कानून व्यवस्था की बड़ी समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर बनेगी रणनीति

    29-30 मई को DGP तदाशा मिश्रा करेंगी कानून व्यवस्था की बड़ी समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण पर बनेगी रणनीति

    रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची में 29 और 30 मई को पुलिस मुख्यालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. इस दो दिवसीय बैठक की अगुवाई राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा करेंगी. बैठक में सभी जिलों के एसएसपी और एसपी के अलावा रेंज आईजी, डीआईजी तथा पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मौजूद रहेंगे. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और बैठक के लिए अलग-अलग विषयों पर एजेंडा भी निर्धारित कर लिया गया है.

    यह पहली बार होगा जब डीजीपी तदाशा मिश्रा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आमने-सामने बैठकर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा करेंगी. दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

    पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 मई को सुबह 11 बजे से बैठक शुरू होगी. बैठक के दौरान अलग-अलग विभागों द्वारा प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे. पहले एजेंडे के तहत पुलिस महानिरीक्षक अभियान कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देंगे. इसके बाद सीआईडी की ओर से राज्य में घटित प्रमुख अपराधों से संबंधित रिपोर्ट पेश की जाएगी. वहीं स्पेशल ब्रांच राज्य के वर्तमान नक्सली गतिविधियों और सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत जानकारी देगी.

    इसके अलावा नए कानूनों से जुड़े विषयों पर पुलिस उप महानिरीक्षक जैप द्वारा प्रस्तुतीकरण किया जाएगा. वहीं झारखंड जगुआर की ओर से आरएसएस से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की जाएगी.

    बैठक में त्योहारों और विशेष आयोजनों के दौरान उत्पन्न हुई कानून व्यवस्था की समस्याओं की समीक्षा भी होगी. मार्च 2025 से मार्च 2026 तक हुई बड़ी आपराधिक घटनाओं, साइबर क्राइम, डकैती, लूट, चोरी, अपहरण, रंगदारी, अवैध हथियार, मानव तस्करी और नक्सल गतिविधियों की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी.

    डीजीपी लंबित मामलों की समीक्षा भी करेंगी. पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति पर अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा. साथ ही जिलों में लंबित अनुसंधान की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा.

    महिला अपराध और संवेदनशील मामलों पर भी विशेष फोकस रहेगा. पॉक्सो एक्ट, दहेज हत्या, दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, डायन प्रथा से जुड़े मामले और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की जाएगी. इन मामलों में जांच की स्थिति, अभियोजन की प्रगति और पीड़ितों को दी गई राहत राशि की भी जानकारी ली जाएगी.

    बैठक में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों पर भी चर्चा होगी. देवघर एसपी को मेले की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष प्रस्तुतीकरण तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके.

     



    Related News