पलामू(PALAMU): रेहला स्थित एस. बी. पांडेय सनातन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा और व्यावहारिक शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “आनंद मेला” का भव्य आयोजन किया गया.कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धनंजय पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि सनातन विद्यानिकेतन स्कूल की प्राचार्या ज्योति ने दीप प्रज्वलित कर किया.
मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रंजू प्रजापति ने कहा कि आनंद मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने का सशक्त मंच है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, रचनात्मक और सामाजिक रूप से जागरूक बनाने की प्रेरणा देते हैं।मेले में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए. खान-पान, शिक्षण-अधिगम सामग्री, कला एवं हस्तशिल्प, खेल तथा मनोरंजन से जुड़े स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे.
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचारी शिक्षण उपकरणों और रचनात्मक प्रस्तुतियों की अतिथियों ने खूब सराहना की।मुख्य अतिथि धनंजय पांडेय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और उद्यमिता कौशल का विकास करते हैं। विशिष्ट अतिथि ज्योति ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए आयोजन को प्रेरणादायक बताया.पूरे महाविद्यालय परिसर में रंग-बिरंगी सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल ने सभी का मन मोह लिया.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राचार्या डॉ. रंजू प्रजापति की अहम भूमिका रही. उनके कुशल मार्गदर्शन और महाविद्यालय परिवार के सहयोग से आनंद मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.अंत में अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया.

