गर्मी से रांचीवासियों का हाल बेहाल! 24 घंटे बिजली देने का वादा हुआ फेल

    गर्मी से रांचीवासियों का हाल बेहाल! 24 घंटे बिजली देने का वादा हुआ फेल

    RANCHI: इन दिनों राजधानी रांची में लोग उमस भरी गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से बेहाल है. तापमान भले ही उतनी ज्यादा ना  हो लेकिन हवा में जो नमी बढ़ रही है और बार बार बिजली का गुल हो जाना,ये सारी चीज़े यह रहने वाले लोगों की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ा दी है. शहरवासी अब सरकार से सवाल कर रहे हैं की आखिर 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा कब पूरा होगा?

    भीषण उमस के बीच बिजली की अनियमित सप्लाई का सबसे ज्यादा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है.सुबह से रात तक कई इलाकों में बार-बार बिजली कटने से लोग परेशान हैं.  खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.बिजली जाते ही पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे घरों में गर्मी और बेचैनी बढ़ जाती है.लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में स्थिति और खराब हुई है.कहीं तकनीकी खराबी तो कहीं मेंटेनेंस के नाम पर लंबे समय तक बिजली बाधित की जा रही है.

    शहर के कडरू, डोरंडा, हरमू, अरगोड़ा और नामकुम जैसे इलाकों से लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं.व्यापारियों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति का असर छोटे कारोबार पर भी पड़ रहा है.दुकानदारों को इनवर्टर और जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे खर्च बढ़ गया है. सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है. “बिजली दो सरकार” और “लोड शेडिंग बंद करो” जैसे पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं.लोग सवाल उठा रहे हैं कि हर साल गर्मी आते ही बिजली व्यवस्था क्यों लड़खड़ा जाती है.

    वहीं, बिजली विभाग का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग अचानक काफी बढ़ गई है.इसी कारण कई इलाकों में लोड संतुलित करने के लिए कटौती करनी पड़ रही है. विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि स्थिति सुधारने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य हो जाएगी.फिलहाल उमस और बिजली संकट की दोहरी मार से रांची के लोग परेशान हैं और हर घर से एक ही आवाज उठ रही है,“अब और नहीं, नियमित बिजली चाहिए”.

     



    Related News