रांची : भीषण गर्मी में स्कूल टाइम के बदलाव पर बवाल, बच्चों की सेहत को लेकर समय बदलने या छुट्टी की मांग हुई तेज

    रांची : भीषण गर्मी में स्कूल टाइम के बदलाव पर बवाल, बच्चों की सेहत को लेकर समय बदलने या छुट्टी की मांग हुई तेज

    रांची (RANCHI): झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू ने स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इसी मुद्दे को उठाते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर स्कूलों के समय में बदलाव या अस्थायी छुट्टी घोषित करने की अपील की है.

    अजय राय का कहना है कि राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को झेलनी पड़ रही है. गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावक चिंतित हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि दोपहर के समय बच्चों का स्कूल आना-जाना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है. ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

    पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार के सामने कुछ सुझाव भी रखे हैं. इनमें स्कूलों का समय सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक करने की मांग शामिल है. इसके अलावा जिन इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा है, वहां कुछ दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने का सुझाव दिया गया है. साथ ही जिला प्रशासन को स्थानीय मौसम के अनुसार निर्णय लेने का अधिकार देने की बात भी कही गई है.

    इस संबंध में एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजा है, जिसकी प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री और रांची के उपायुक्त को भी दी गई है. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए, ताकि राहत मिल सके.



    Related News