रामगढ़: पहाड़ी पर पेड़ से लटका मिला DRDO कर्मी का शव, गांव में पसरा मातम

    रामगढ़: पहाड़ी पर पेड़ से लटका मिला DRDO कर्मी का शव, गांव में पसरा मातम

    रामगढ़ (RAMGARH): जिले के पतरातू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां डिफेन्स रिसर्च एण्ड डेवलपमेंट ऑर्गनाइज़ेशन में कार्यरत एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

    मृतक की पहचान तालाताड़ पंचायत के भुइयां टोला निवासी 35 वर्षीय कमल किशोर महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह बेंगलुरु में डीआरडीओ में कार्यरत थे और कुछ दिन पहले छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे. परिजनों के अनुसार कमल किशोर 19 अप्रैल को घर पहुंचे थे. पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थे और अक्सर नींद नहीं आने की शिकायत करते थे. गांव के लोगों ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 11 बजे उन्हें गांव में अकेले टहलते देखा गया था.

    परिवार वालों का कहना है कि रात करीब दो बजे जब उनकी नींद खुली तो कमल अपने कमरे में नहीं थे. इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. मंगलवार सुबह घर के पास स्थित पहाड़ी पर एक पेड़ से उनका शव लटका मिला. यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया. कमल किशोर अपने पिता प्रभु महतो के इकलौते बेटे थे. उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. एक बेटे की उम्र छह वर्ष जबकि दूसरे की उम्र चार वर्ष बताई जा रही है. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.

    सूचना मिलने पर पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.



    Related News