जामताड़ा (JAMTARA): हाईवे पेट्रोलिंग टीम के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने के मामले में मिहिजाम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के कर्मचारी अशोक दास उर्फ ‘निमकी’ (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
क्या है पूरा मामल
यह घटना 4 अप्रैल 2026 की रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के पास इंदिरा चौक पर एएसआई गणेश कुमार अपनी टीम के साथ हाईवे पेट्रोलिंग पर तैनात थे. इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा.
जब पुलिस टीम ने उसे शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपी और उग्र हो गया. उसने एएसआई गणेश कुमार के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया और उनकी वर्दी पकड़कर खींच दी. इस दौरान उसने सरकारी कार्य में भी बाधा डालने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई.
घटना के बाद एएसआई गणेश कुमार ने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 15/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और 5 अप्रैल को छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ‘निमकी’ का व्यवहार पहले भी विवादित रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


