सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई,पिस्टल के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

    सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई,पिस्टल के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

    सरायकेला (SARAIKELA) : खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई.

    प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को आदित्यपुर निवासी निशांत झा द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा गम्हरिया केनिफागढ़ में अवैध शराब दुकान के पास फायरिंग और शराब ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया. इस संबंध में गम्हरिया थाना कांड संख्या 32/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4)/352/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गम्हरिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक बारी उर्फ गुड्डू (उम्र लगभग 31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के टोलब्रिज रोड नंबर-06 के पास का रहने वाला बताया गया है.

    गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया है. जिसे जब्त कर लिया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. इसके पहले भी उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज हैं. इस छापेमारी दल में गम्हरिया थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे, जिन्होंने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है.

    रिपोर्ट - बीरेन्द्र मंडल


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news