प्रधानमंत्री बंगाल में ममता सरकार पर बोला तीखा हमला,रैली के पहले क्यों भिड़े भाजपा -तृणमूल समर्थक !!

    प्रधानमंत्री बंगाल में ममता सरकार पर बोला तीखा हमला,रैली के पहले क्यों भिड़े भाजपा -तृणमूल समर्थक !!

    धनबाद(DHANBAD):  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बंगाल में थे.  उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित किया. तृणमूल कांग्रेस पर तेज हमला बोला.उन्होंने तृणमूल  सरकार को "निर्मम सरकार" बताया और कहा कि अब बंगाल बदलाव के लिए करवट ले रहा है.  अब आगे  सब कुछ ठीक होगा. प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत बंगला भाषा  से की.  उन्होंने कहा कि मेरे प्रिय बंगाल वासियो, मैं  अपने दिल की गहराइयों से आपको प्रणाम करता हूं, प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के हर कोने से यह  आवाज अब  उठ रही है कि हमें भाजपा सरकार चाहिए.  उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता जानती है कि बंगाल में अब क्यों बीजेपी का शासन जरूरी हो गया है?

     उन्होंने कहा कि सत्ता बचाने के लिए राज्य की सरकार हर हथकंडे  अपना रही है.  उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों को रैली में आने से रोकने के लिए गाड़ियों को रोका गया.  पुल बंद कर दिए गए बावजूद लोगों की भारी भीड़ जुटी.  उन्होंने कहा कि अब काउंटडाउन शुरू हो गया है.  अब दिन  दूर नहीं, जब कानून का शासन स्थापित होगा.ब्रिगेड मैदान की रैली  को विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा की बड़ी राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है.  प्रधानमंत्री ने कोलकाता में शनिवार को 18,680 करोड रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

     इधर, प्रधानमंत्री की रैली के पहले कोलकाता में हंगामा हो गया.  गिरीश पार्क के पास स्थित ममता बनर्जी सरकार की मंत्री डॉक्टर शशि  पंजा के घर के आसपास का इलाका रण क्षेत्र में बदल गया.  बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को लगाना पड़ा.  एक थानेदार के भी घायल होने की सूचना है.  भाजपा का आरोप  है कि तृणमूल के लोगों ने बीजेपी की बसों को रोका , जिसकी वजह से दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई. तृणमूल के लोगों ने पत्थर फेंका  तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जवाब दिया. इधर, ममता बनर्जी की मंत्री का आरोप  है कि उनके घर पर बीजेपी की रैली में जा रहे समर्थकों ने हमला किया.  इसके बाद तृणमूल  समर्थक बेकाबू हो गए.  उन्होंने भी पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. मंत्री का आरोप है कि उनके घर पर हमला किया गया.  खिड़की की कांच तोड़ दी गई, एक दर्जन से अधिक तृणमूल समर्थक घायल हो गए.  सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  मंत्री का कहना है कि उन्हें भी चोट लगी है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News