गढ़वा (GARHWA): जिले में सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पलामू सांसद बीडी राम ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एक ही सड़क को अलग-अलग जिलों में बांटकर उसका अलग शिलान्यास करना समझ से परे है. सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि सड़कों को भी जिलों के हिसाब से बांटा जा रहा है.
रविवार को गढ़वा शहर के टंडवा चौक से बिखही मोड़ तक बनने वाली सड़क के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया गया. करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लगभग 13 किलोमीटर लंबी है और गढ़वा व पलामू जिले को जोड़ती है. कार्यक्रम में सांसद बीडी राम और भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की.
इस मौके पर सांसद बीडी राम ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग दिशा की बैठक में उठाई गई थी, जिसके बाद अब इसका काम शुरू हो रहा है. उन्होंने बताया कि पूरी सड़क की लंबाई करीब 35 किलोमीटर है, लेकिन फिलहाल गढ़वा जिले में आने वाले हिस्से का ही शिलान्यास किया गया है. पलामू क्षेत्र में पड़ने वाले हिस्से का उद्घाटन कुछ दिनों बाद किया जाएगा. सांसद ने कहा कि एक ही सड़क को अलग-अलग जिलों में बांटकर अलग-अलग कार्यक्रम करना सरकार की सोच पर सवाल खड़े करता है. उन्होंने कहा कि इससे आखिर सरकार को क्या फायदा होगा, यह समझ पाना मुश्किल है.
वहीं भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने सड़क निर्माण को पलामू सांसद बीडी राम की बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि सांसद की पहल से क्षेत्र में लगातार सड़क और आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है. विधायक ने यह भी कहा कि बाईपास सड़क, जो हर चुनाव में बड़ा मुद्दा रहती थी, उसे भी सांसद ने पूरा कराया और अब विकास कार्य जमीन पर दिखने लगे हैं.

