हजारीबाग(HAZARIBAGH):झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हजारीबाग पुलिस को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है.बताया जा रहा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पौता गांव में तीन लोगों की, जो आपस में भाई-बहन बताए जा रहे है, दर्दनाक मौत से पूरा इलाका सदमे में है.सोमवार की शाम करीब तीन बजे पौता-डेमोटांड जंगल के पास कोनार नदी से तीन शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान खुशी परवीन (पौता), सानिया परवीन (मंडई) और मो. आदिल हुसैन (सुलताना) के रूप में हुई है.शवों की हालत देखकर लोग डर और गुस्से में है. बताया जा रहा है कि एक युवती के सिर पर बाल भी नहीं थे.जानकारी के अनुसार, खुशी परवीन की शादी अगले महीने तय थी.
तीनों आम तोड़ने बगीचे में गए थे
23 अप्रैल को तीनों आम तोड़ने बगीचे में गए थे, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं लौटे. परिजनों ने 24 अप्रैल को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.परिजनों का कहना है कि खोजबीन के नाम पर उनसे पैसे लिए गए और उन्हें गलत जानकारी दी गई कि बच्चे सुरक्षित हैं और अजमेर शरीफ पहुंच गए है. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने बच्चों को ढूंढने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की थी. जिस स्थान से शव बरामद हुए, वहां ग्रामीण पहले भी तलाश कर चुके थे, लेकिन तब कुछ भी नहीं मिला था, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
एसपी अमन कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए है. जांच की जिम्मेदारी एडीशनल एसपी और एसडीपीओ को सौंपी गई है.पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि एक युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध और शादी की इच्छा थी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके.

