धनबाद (DHANBAD): धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई थी जहां दो युवक, विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार, गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सरायढेला स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मामले को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है जहां उन्होंने बताया कि होली के जश्न के दौरान किसी मामूली विवाद ने मारपीट और फायरिंग का रूप ले लिया. घायल विष्णु कुमार के बयान के आधार पर कांड संख्या 33/26 दर्ज की गई, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर कांड संख्या 34/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई.
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा और आतिश शर्मा शामिल हैं. जांच के दौरान यह पता चला कि विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग की, जिससे दोनों युवक घायल हुए. पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच चल रही है.
रिपोर्ट : नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


