पलामू (PALAMU): जिले के पांडु थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और ढुलाई के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इस पर बड़ी कार्रवाई की है. बता दें, नेवरी गांव से अवैध रूप से बालू ढुलाई कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को रोककर जांच की, जिसमें बिना वैध कागजात के बालू परिवहन किए जाने का मामला सामने आया. इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया.
आपको बता दें, इस कार्रवाई को थाना प्रभारी विगेश राय के निर्देश पर अंजाम दिया गया. पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है और अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध बालू उठाव और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
बताते चले, जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन के निर्देश के बाद स्थानीय पुलिस और खनन विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं. हाल के दिनों में कई क्षेत्रों में अवैध बालू खनन और ढुलाई के मामलों में कार्रवाई की गई है. प्रशासन का मानना है कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ता है. इसी को देखते हुए अब अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

