महाराष्ट्र दौरे पर कल्पना सोरेन, एलीफेंटा गुफाओं की भव्यता देख हुईं मंत्रमुग्ध

    महाराष्ट्र दौरे पर कल्पना सोरेन, एलीफेंटा गुफाओं की भव्यता देख हुईं मंत्रमुग्ध

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): गांडेय विधायक कल्पना सोरेन इन दिनों महाराष्ट्र के एक्सपोज़र विजिट पर हैं. इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को मुंबई हार्बर स्थित विश्व प्रसिद्ध एलीफेंटा गुफाओं का भ्रमण किया और वहां की ऐतिहासिक शिल्पकला एवं प्राचीन कलाकृतियों को करीब से देखा. इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति और विरासत की भव्यता की सराहना करते हुए इसे बेहद प्रेरणादायक अनुभव बताया.

    Image

    एलीफेंटा गुफाओं के दौरे के दौरान कल्पना सोरेन ने कहा कि यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल यह स्थल भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अनमोल प्रतीक है. उन्होंने कहा कि यहां की शैलकृत गुफाएं भारतीय सभ्यता की ऐतिहासिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती हैं.

    उन्होंने बताया कि 5वीं से 8वीं शताब्दी के बीच निर्मित इन गुफाओं में भगवान शिव को समर्पित कई भव्य मूर्तियां और अद्भुत नक्काशी देखने को मिलती है. विशेष रूप से त्रिमूर्ति की विशाल प्रतिमा ने उन्हें काफी प्रभावित किया. उनके अनुसार यह प्रतिमा न केवल अपनी कलात्मक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि उसमें आध्यात्मिक भाव भी स्पष्ट रूप से झलकता है.

     

    कल्पना सोरेन ने कहा कि इतिहास, संस्कृति और स्थापत्य कला से जुड़ा यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा. उन्होंने भारतीय पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और उनके महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. एलीफेंटा गुफाएं मुंबई के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं और हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. यह स्थल अपनी प्राचीन शिल्पकला और ऐतिहासिक महत्व के कारण दुनियाभर में प्रसिद्ध है.



    Related News