पलामू: डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के सामने कूदे युवक की गई जान, लोगों में फैली दहशत

    पलामू: डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के सामने कूदे युवक की गई जान, लोगों में फैली दहशत

    पलामू (PALAMU): पलामू जिले के डालटनगंज रेलवे स्टेशन से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. रविवार को एक दर्दनाक हादसा में एक अज्ञात युवक कि मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उसने मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. बता दे, घटना रविवार सुबह की है, जब स्टेशन पर सामान्य हलचल थी. तभी युवक को पटरी पर कूदते देख वहां मौजूद यात्रियों और रेल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक ने अचानक यह कदम उठाया, जिससे किसी को भी उसे रोकने का मौका नहीं मिल सका.

    इस हादसे के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को स्टेशन परिसर से बाहर निकाला गया. युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) भेजा गया. अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों की टीम ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर हालत के वजह से इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई .

    इस घटना कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उसके नाम या पते का पता चल सके. पुलिस आसपास के इलाकों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. साथ ही, खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच जारी है.



    Related News