पलामू (PALAMU): पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को अफरा-तफरी में बदल दिया. बारात लेकर जा रही एक बस के ऊपर बैठे चार युवक 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
जानकारी के अनुसार हादसा पांकी-लावालौंग मुख्य मार्ग पर गढ़गांव पुलिया के पास रात करीब 10 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि पाटन थाना क्षेत्र के बलगड़ा गांव से बारात लावालौंग के रिमी रामपुर जा रही थी. बस में अधिक भीड़ होने के कारण कुछ बाराती बस की छत पर बैठे हुए थे. इसी दौरान जब बस गढ़गांव पुलिया के पास पहुंची, तो ऊपर बैठे युवक अचानक 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गए. करंट लगते ही चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद बस में सवार लोगों में हड़कंप मच गया और बारात का माहौल कुछ ही पलों में भय और अफरा-तफरी में बदल गया.
घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव (24), राजेश यादव (25), रंजन कुमार यादव (27) और विनोद कुमार यादव (24) के रूप में हुई है. सभी घायल पाटन थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. स्थानीय ग्रामीणों और बारातियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. वहीं इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बसों की छत पर सफर करने के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

