पलामू: जपला में लापरवाह बिजली विभाग, टूटा पोल खतरे को दे रहा आमंत्रण

    पलामू: जपला में लापरवाह बिजली विभाग,  टूटा पोल खतरे को दे रहा आमंत्रण

    पलामू (PALAMU): जिले के हुसैनाबाद नगर पंचायत के अंतर्गत जपला–छतरपुर मुख्य मार्ग पर बिजली विभाग की घोर लापरवाही साफ साफ दिखाई देने लगी है. जपला रेलवे ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर, कांग्रेस नेता धनंजय तिवारी के आवास के मुख्य गेट के सामने लगा एक बिजली का खंभा पिछले करीब नौ महीनों से जड़ से टूटा हुआ है. यह जर्जर खंभा वर्तमान के समय में स्थानीय दुकानों की लोहे की करकट (टीने) की छतों के सहारे टिका हुआ है, जिससे दुकानों और आसपास के पूरे ढांचे में करंट उतरने का डर बना हुआ है. इस गंभीर स्थिति के बावजूद विभाग के तरफ से कोई संज्ञान नहीं लिया गया और इसी खतरनाक ढीले ढाले बिजली के खंबों से स्थानीय लोगों का बिजली इस्तेमाल करने को मजबूर है.

    जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में इस प्रशासनिक उदासीनता को लेकर भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि यह एक व्यस्त मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, स्कूली बच्चे और आम राहगीर गुजरते हैं. लोहे की छत पर टिका यह भारी-भरकम खंभा कभी भी असंतुलित होकर गिर सकता है, जो किसी बड़ी अप्रिय घटना या जनहानि का कारण बन सकता है. इस संभावित खतरे को देखते हुए दुकानदारों ने अगस्त 2025 में ही जपला बिजली कार्यालय को लिखित आवेदन सौंपकर खंभा बदलने की गुहार लगाई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया.

    गोरतलब है की बिजली विभाग की इस अनदेखी और टालमटोल वाले रवैये से तंग आकर अब स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है. लोगों ने पलामू उपायुक्त से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. ग्रामीणों और राहगीरों ने उपायुक्त से अपील की है कि वे संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दें, ताकि किसी बड़े हादसे के होने से पहले वहां जल्द से जल्द नया बिजली का खंभा लगाया जा सके और आम जनता को इस खौफ के साये से मुक्ति मिल सके.



    Related News