पलामू(PALAMU): जिले के पांकी क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगया है, वही इस घटना के बाद एक बार स्वास्थ्य व्यव्स्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है.
मामला पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव का बताया जा रहा है. यहां के निवासी सोनू कुमार सिंह अपनी गर्भवती पत्नी ममता कुमारी को प्रसव के लिए स्थानीय किरण सिंह क्लिनिक में लेकर पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिलाया था, लेकिन बाद में अचानक ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया.
ऑपरेशन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और दुर्भाग्यवश नवजात शिशु और मां दोनों की मौत हो गई. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरु की. सिविल सर्जन ने मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया है. वहीं, प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी क्लिनिक को सील कर दिया है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
इस बीच, पहले से ही मेदिनीनगर के एक अन्य निजी अस्पताल में हुई लापरवाही की घटना को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था. बताया जा रहा है कि उस मामले में जिले के उपायुक्त ने अस्पताल का निरीक्षण कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पलामू जिले में निजी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

