पलामू (PALAMU): जिले में हुए पवन सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या प्रेम संबंधों को लेकर हुई थी और बाद में पूरे मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की गई.
घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा गांव की है. शनिवार को यहां पहाड़ी इलाके से पवन सिंह नामक युवक का शव बरामद हुआ था. शव फंदे से लटका मिला था, जिससे शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था. हालांकि मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए प्रेमिका के पति और उसके देवर पर गंभीर आरोप लगाए थे. मामले की जांच डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद एक चौंकाने वाला सच सामने आया.
पुलिस के अनुसार, पवन सिंह का अपनी मौसेरी बहन के साथ प्रेम संबंध था. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से मिलते-जुलते थे. घटना वाले दिन भी पवन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान लड़की के पिता रवि सिंह ने दोनों को कमरे के अंदर देख लिया. बताया जा रहा है कि दोनों को साथ देखकर रवि सिंह गुस्से से आगबबूला हो गया. उसने घर में रखा डंडा उठाकर पवन सिंह पर हमला कर दिया. मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद में रवि सिंह ने पवन सिंह का शव पहाड़ पर ले जाकर टांग दिया ताकि सभी को आत्महत्या लगे.

