BCCL की आकाश किनारी कोलियरी में करंट से एक की मौत , तीन झुलसे - जानें कैसे घटी घटना


धनबाद(DHANBAD): BCCL की आकाश किनारी कोलियरी मैं सोमवार की सुबह 9:30 बजे बिजली तार की चपेट में आने से एक कोयलाकर्मी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग बुरी तरह झुलस गए. जानकारी के अनुसार ऑटो इलेक्ट्रिक हेल्पर के पद पर कार्यरत मोहम्मद दिलशाद अहमद झंडा फहराने के लिए लोहे का पाइप लेकर जा रहा था. पाइप बिजली के तार से सट गया और करंट से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. जबकि तीन अन्य घायल हो गए है. तीनों घायलों को धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार दिलशाद अहमद बीसीसीएल में अनुकंपा पर नौकरी कर रहा था. उसके पिता की मौत के बाद उसे नौकरी मिली थी. बीसीसीएल प्रबंधन इस घटना के बाद मृतक की पत्नी को नौकरी देने का पत्र हैंड ओवर कर दिया है. साथ ही दाह संस्कार के लिए ₹50000 का चेक भी मृतक के आश्रितों को सौंप दिया गया है. इस घटना की सूचना कतरास -बाघमारा इलाके में जंगल की आग की तरह फैली और देखते-देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई. विधायक ढुल्लू महतो ,पूर्व विधायक जलेश्वर महतो सहित कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे.
4+