दुमका(DUMKA): नए आरक्षण रोस्टर के विरोध में दुमका में ओबीसी समाज द्वारा चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है. जिसके तहत शहर के यज्ञ मैदान से मशाल जुलूस निकाला गया. संथाल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग यज्ञ मैदान में एकत्रित हुए, जहां से मशाल जुलूस की शक्ल में शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए टीन बाजार चौक पहुंचे.
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा जारी नए आरक्षण रोस्टर में दुमका सहित कई जिलों में ओबीसी का आरक्षण शून्य कर दिया गया है. यह ओबीसी समाज के साथ नाइंसाफी है. उनका कहना है कि दुमका जिला में ओबीसी की जनसंख्या अच्छी खासी है. इसके बावजूद यहां आरक्षण शून्य करना कहीं से भी न्यायोचित नहीं है. इसको लेकर संथाल परगना पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा द्वारा चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है.
जिसके तहत मंगलवार को शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, तो आज बुधवार को मशाल जुलूस निकाला गया. कल गुरुवार को ओबीसी समाज के लोग काला बिल्ला लगाकर शहर भ्रमण करेंगे.
रिपोर्ट: पंचम झा
Thenewspost - Jharkhand
4+

