अब गांव के लोगों को भी मिलेगा नल का जल, 54 करोड़ की लागत से होगा पम्प हाउस और पानी टंकी का निर्माण: कमलेश सिंह

    अब गांव के लोगों को भी मिलेगा नल का जल, 54 करोड़ की लागत से होगा पम्प हाउस और पानी टंकी का निर्माण: कमलेश सिंह

    पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद के 32611 और मोहम्मदगंज के 8501 घरों में जल्द पहुंचेगा नल का जल. हुसैनाबाद हरिहरगंज विधायक कमलेश कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि अब हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज के एक एक घर में नल का जल उपलब्ध होगा. बताया कि हुसैनाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों के 32611 घरों और मोहम्मदगंज के 8501 घरों तक पाइप लाइन के माध्यम से शुद्ध जल मिलेगा. इसके लिए हुसैनाबाद में 147 करोड़ और मोहम्मदगंज में 54 करोड़ की लागत से बनकर पम्प हाउस और पानी टंकी का निर्माण होगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए सोन और कोयल नदी के तट पर पम्प हाउस की स्थापना कर पाइप लाइन से पानी पहुंचने के लिए निविदा निकाल दी गई है. जल्द ही एक और निविदा हैदरनगर और बुधुआ क्षेत्र के लिए निकली जायेगी.

    गांव के अंतिम व्यक्ति के घर में भी होगा पानी का नल - विधायक

    विधायक ने कहा कि हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में सोन नदी से पेय जलापूर्ति की योजना पर काम तेजी के साथ हो रहा है. जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के घरों में भी सोन और कोयल नदी से जलापूर्ति की जायेगी. इसके लिए निविदा निकाल दी गई है. विधायक कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि अब गांव के अंतिम व्यक्ति के घरों में भी नल का पानी होगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की एक-एक समस्या को लेकर वह गंभीरता के साथ लगे रहते हैं. यही वजह है कि हुसैनाबाद हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र अन्य क्षेत्रों के मुकाबले विकास की दौड़ में आगे है. उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को चापाकाल और कुआं से मुक्ति मिल जाएगी. उन्होंने कहा कि गांव में शहर की तरह सुविधा मिले इसका वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

    रिपोर्ट: ज़फर हुसैन, पलामू


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news