सरहुल-रामनवमी पर नो पावर कट, रांची में 24x7 बिजली का ऐलान!

    सरहुल और श्रीरामनवमी के दौरान लोगों को राहत देने के लिए बिजली विभाग ने अहम फैसला लिया है

    सरहुल-रामनवमी पर नो पावर कट, रांची में 24x7 बिजली का ऐलान!

    रांची(RANCHI): में सरहुल और श्रीरामनवमी के दौरान लोगों को राहत देने के लिए बिजली विभाग ने अहम फैसला लिया है. इन दोनों प्रमुख पर्वों पर शहर में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी. रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता डी.एन. साहू ने इस संबंध में आयोजकों, पूजा समितियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है. उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय (3 अप्रैल 2025) और सर्वोच्च न्यायालय (16 अप्रैल 2025) के निर्देशों के अनुसार त्योहारों के दौरान बिजली कटौती नहीं की जाएगी, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा.

    सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने आठ दिशा-निर्देश जारी किए हैं. शोभायात्रा में झंडे, डीजे और झांकियों की ऊंचाई 4 मीटर से अधिक नहीं रखने को कहा गया है. बिजली के तारों और उपकरणों से दूरी बनाए रखने, बड़े वाहनों की छत पर लोगों के बैठने पर रोक और ऊंचे झंडों के उपयोग से बचने की सलाह दी गई है. साथ ही, वॉलेंटियरों को पूरे जुलूस के दौरान निगरानी रखने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए गए हैं. आयोजकों को निर्धारित एसओपी का पालन करना होगा और आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे बिजली से जुड़े उपकरणों को छूने से बचें.

    बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए विभाग ने कंट्रोल रूम और अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, ताकि तत्काल सहायता मिल सके.

    इधर, सरहुल पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने भी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. शहर को 7 जोन में बांटकर 53 वार्डों के 298 सरना स्थलों और अखड़ों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया गया है. प्रत्येक जोन में अधिकारियों की टीम तैनात की गई है, जो व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है. सहायक प्रशासकों ने विभिन्न सरना स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया.

    वहीं, बबलू मुंडा ने डीजे को लेकर हो रही राजनीति पर चिंता जताते हुए समाज को इससे दूर रखने की अपील की. उन्होंने राज्य सरकार से सरहुल के दिन शराबबंदी लागू करने और तीन दिन के सरकारी अवकाश की मांग भी की है. सरहुल पर्व के तहत 20 मार्च को उपवास और पारंपरिक अनुष्ठान, 21 मार्च को पूजा, भविष्यवाणी और शोभायात्रा, जबकि 22 मार्च को फूल खोशी की रस्म अदा की जाएगी.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news