पति के साथ हनीमून मनाने जा रही नव विवाहिता ट्रेन से लापता, पति ने रेल थाना में दर्ज करवाया मुकदमा

    पति के साथ हनीमून मनाने जा रही नव विवाहिता ट्रेन से लापता, पति ने रेल थाना में दर्ज करवाया मुकदमा

    किशनगंज (KISHANGANJ): बिहार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां पति के साथ हनीमून मनाने जा रही महिला ट्रेन से लापता हो गई. काफी खोजबीन के बाद पति ने किशनगंज रेल थाना में घटना की शिकायत दर्ज कराई है. जबकि रेल पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है. पुलिस महिला के मोबाइल का सीडीआर व मोबाइल लोकेशन निकाल कर जांच में जुट गई है.

    हनीमून मनाने दार्जिलिंग जा रहे थे विवाहित

     जानकारी के अनुसार कुढ़नी मुजफ्फरपुर निवासी पीड़ित पति प्रिंस कुमार पिता प्रह्लाद साह मिठानपुर बिजली विभाग मे जेई के असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है. इसी वर्ष 22 फरवरी को उसने मधुबनी राजनगर निवासी महेश कुमार की पुत्री काजल कुमारी के साथ शादी की थी. शादी के बाद 27 जुलाई को दोनों हनीमून मनाने के लिए दार्जिलिंग और सिक्किम जा रहे थे. मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से 12524 न्यू दिल्ली एनजेपी एक्सप्रेस ट्रेन के वातानुकूलित कोच बी-4 के सीट संख्या 43 व 45 पर दोनों सफर कर रहे थे. लेकिन 28 जुलाई की सुबह किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उन्हें पत्नी काजल कुमारी गायब मिली. पत्नी का मोबाइल भी स्विच ऑफ था.

    पुलिस खंगाल रही स्टेशनों में लगे सीसीटीवी

    इस मामले में पति प्रिंस कुमार ने अपने परिजन और ससुराल वाले को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद परिजन और ससुराल वाले भी किशनगंज पहुंच गये और काजल की तलाश में जुट गए. रेल थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रेम प्रसंग की घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है. प्रारंभिक जांच में महिला के मोबाइल का लास्ट लोकेशन रोसरा स्टेशन पाया गया है. पुलिस किशनगंज और कटिहार सहित अन्य स्टेशनों का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news