चाईबासा(CHAIBASA):पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले बारी गांव में नशे के लिए पैसे न देने पर 19 वर्षीय भतीजे ने अपने ही 58 वर्षीय बुआ की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है. सूचना मिलते ही सोनुवा पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया. इस सबंध में मिली जानकारी के अनुसार बारी गांव निवासी सूरज प्रधान नशे का आदी था और अक्सर अपनी बुआ निर्वासिनी प्रधान से नशापान के लिए पैसे मांगता रहता था. पैसे न देने पर वह मारपीट भी करता था.
गुस्से में आकर उसने गला दबाकर हत्या
गुरुवार सुबह से ही सूरज अपनी बुआ से पैसे की मांग कर रहा था. बुआ ने पैसे न होने की बात कही और बार-बार मना किया. गाली-गलौच के बाद उसने सूरज को घर से भगा दिया. इसी बात से नाराज सूरज शाम करीब साढ़े सात बजे फिर घर पहुंचा और पैसे की मांग करने लगा. जब बुआ ने फिर से इनकार कर दिया तो गुस्से में आकर उसने गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.घटना की सूचना मिलने पर सोनुवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पूछताछ के लिए सूरज को हिरासत में लिया गया, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया.
मामले में हत्या का केस दर्ज
स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्वासिनी प्रधान अविवाहित थीं और अपने भाई के परिवार के साथ रहती थीं. उन्होंने ही सूरज को पाल-पोस कर बड़ा किया था और हर जरूरत में उसकी मदद करती थीं. लेकिन जब सूरज नशे का आदी हो गया तो उन्होंने उसे पैसे देना बंद कर दिया था.पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट-संतोष वर्मा

