गढ़वा (GARHWA): जिले के रंका थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी के महज सात दिन बाद एक नवविवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां अब मातम का माहौल है. मृतका की पहचान पुरेगाड़ा गांव निवासी 20 वर्षीय चंपा कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी हाल ही में रविंद्र भुइयां से हुई थी.
जानकारी के अनुसार, 7 मई को दोनों की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ संपन्न हुई थी. शादी के बाद 8 मई को चंपा अपने ससुराल पहुंची थी. परिवार में नई बहू के आने से खुशी का माहौल था और घर में शादी की रस्में भी चल रही थीं. लेकिन शुक्रवार दोपहर अचानक सबकुछ बदल गया. परिवार के लोगों ने चंपा का शव घर के अंदर फंदे से लटकता देखा. यह दृश्य सामने आते ही घर में चीख-पुकार मच गई.
आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते गांव में घटना की खबर फैल गई. सूचना मिलने के बाद रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि नवविवाहिता ने यह कदम क्यों उठाया.

